हल्द्वानी। सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने के बाद नगर निगम के अफसर कूड़ा उठाने सडक़ पर उतर आए हैं। निगम प्रशासन का दावा है कि तमाम वार्डांे में वाहन भेजकर कूड़ा उठाया गया है। वहीं आंदोलित सफाई कर्मी निगम प्रांगण में बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने मेयर व नगर आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की।
सफाई कर्मियों को शासनादेश के अनुसार 500 रुपये रोज मानदेय दिये जाने जैसी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर निगम के सफाई कर्मचारी शुक्रवार से कामबंद हड़ताल पर चले गए हैं। बीते गुरुवार को उनकी निगम प्रशासन से वार्ता हुई लेकिन समाधान नहीं निकल पाया।
इस पर उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ, देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ, वाहन चालक संघ आदि संगठनों से बने संयुक्त मोर्चा ने हड़ताल का ऐलान कर दिया था। वहीं निगम प्रशासन ने सुबह से ही वाहनों में कूड़ा उठाना शुरू कर दिया। इस बीच नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने खुद कूड़ा वाहन चलाकर कालाढूंगी रोड, मुखानी, नैनीताल रोड आदि क्षेत्रों में दुकानों से कूड़ा एकत्र किया। उनके साथ वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मनोज कांडपाल भी मौजूद थे।
इस बीच नगर आयुक्त ने बताया कि शहर की सफाई के लिए वह प्रतिबद्ध हैं, इसी के तहत कूड़ा एकत्र किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर भर में 20 वाहनों के जरिए कूड़ा उठाया गया है, इन्हें आउटसोर्स वाले चालक चला रहे थे। नगर आयुक्त ने बताया कि जिन स्थानों पर कूड़ा एकत्र किया जाता है, वहां से भी कूड़ा उठाया जाएगा। वहीं संयुक्त मोर्चा से जुड़े सफाई कर्मी निगम प्रांगण में डेरा डाले रहे। इस दौरान उन्होंने नौ सूत्रीय मांगों का शीघ्र निराकरण किये जाने की मांग उठाते हुए निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मोर्चा पदाधिकारियों ने बताया कि आउटसोर्स वाले चालक भी कल से हड़ताल में शामिल हो जाएंगे। इसके बाद शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने लगेंगे।