हल्द्वानी। भारत जोड़ों तिरंगा यात्रा के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को हल्द्वानी में यात्रा निकाली। स्वराज आश्रम से शुरू होकर तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। यहां विभिन्न चौराहों पर कार्यकर्ताओं द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा। शाम को एसडीएम कार्यालय के पास गांधी मूर्ति में माल्यार्पण कर स्वराज आश्रम में यात्रा सम्पन्न होगी। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अच्छा खासा उत्साह नजर आ रहा है। गगनभेदी भारत माता के जयकारे लगाए जा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत पूर्व विधायक व पदाधिकारी यात्रा में नजर आए। बुधवार को नैनीताल विधानसभा में तिरंगा यात्रा निकलेगी। स्वराज आश्रम से तिरंगा हाथों में लेकर कांग्रेसियों ने भारत माता के जयकारों के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के जिंदाबाद नारे भी लगाए। बाजार, नैनीताल रोड, तिकोनिया, नवाबी रोड पर टोलियों में खड़े लोग यात्रा में शामिल होते रहे। इससे पूर्व स्वतत्रंता सेनानी परिवार से जुड़े लोगों को सम्मानित भी किया गया।