हल्द्वानी। नगर निगम के सफाई कर्मियों की कामबंद हड़ताल जोर पकड़ रही है। इस क्रम में सफाई कर्मियों ने मेयर के पुतले की शवयात्रा निकाली और एसडीएम कोर्ट के बाहर हाइवे पर पुतला दहन किया।
शासन से तय 500 रुपये रोज मानदेय दिये जाने जैसी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी है। मंगलवार को सफाई कर्मी रामलीला मैदान में एकत्र हुए और मेयर के पुतले की शवयात्रा निकाली। सफाई कर्मी पुतले की अर्थी बनाकर तिकोनिया होते हुए एसडीएम कोर्ट के बाहर पहुंचे। यहां गांधीनगर वार्ड के पार्षद रोहित कुमार ने मुंडन कराया और पुतला जलाया। इस बीच सफाई कर्मियों ने मेयर, नगर आयुक्त व निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस दौरान संयुक्त मोर्चा नगर निगम के पदाधिकारी सुनील चौधरी ने बताया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
पार्षद चला रहे कूड़ा वाहन
हल्द्वानी। नगर निगम प्रशासन के आग्रह के बाद पार्षदों के सहयोग से वार्डांे से भी कूड़ा उठने लगा है। मंगलवार को वार्ड-58 तल्ली हल्द्वानी में पार्षद मनोज जोशी ने खुद कूड़ा वाहन चलाकर कूड़ा एकत्र किया।