हल्द्वानी। नगर निगम प्रशासन बैंणी सेना प्रोजेक्ट के तहत अब वार्डों से कूड़ा कलेक्शन चार्ज वसूलेगी। बैंणी सेना में 58 महिला स्वयं सहायता समूहों को शामिल किया गया है। नगर निगम प्रांगण में सोमवार को इस प्रोजेक्ट का शुभारंभ मेयर जोगेंद्र रौतेला ने किया। इस मौके पर मेयर ने सेना में शामिल महिलाओं को परिचय पत्र बांटने के साथ ही जरूरी सामग्री सौंपी। कार्यक्रम के लिए निगम प्रांगण में खासी तैयारियां की गई थी। इस बीच वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मनोज कांडपाल ने बताया कि निगम के 60 वार्डों से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के एवज में बैंणी सेना शुल्क वसूलेगी। शुभारंभ के मौके पर बैंणी सेना को वसूली संबंधी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। गौरतलब है कि नगर निगम प्रशासन नये वार्डों में पिछले लंबे समय से कूड़ा वाहनों का संचालन कर रहा है। इन क्षेत्रों में पहले जिला पंचायत की ओर से कूड़ा उठाने का इंतजाम किया गया था लेकिन सीमा विस्तार के बाद लंबे समय तक भी यहां संस्था के वाहन कूड़ा उठाते रहे, ऐसे वाहन चार या पांच दिन में ही घर-घर पहुंच पाते थे लेकिन बाद में निगम की ओर से नये वाहन क्रय कर इन वार्डों से भी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन होने लगा। हालांकि अभी तक इसका शुल्क नहीं लिया गया है जबकि शहर के पुराने वार्डों से कूड़ा कलेक्शन चार्ज लिया जा रहा है।