हल्द्वानी,नवनीत सिंह। नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म होने के बाद शहर भर से टनों के हिसाब से कूड़ा उठाया गया। निगम प्रशासन ने एक दिन में करीब 150 मीट्रिक टन कूड़ा उठाने का दावा किया है। यह औसतन 25 से 30 मीट्रिक टन अधिक है।
नगर निगम के सफाई कर्मचारी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर बीती 25 नवंबर से कामबंद हड़ताल पर चले गए थे। संयुक्त मोर्चा नगर निगम के बैनर तले चल रही हड़ताल बीते बुधवार को हाईकोर्ट मेें सुनवाई के बाद समाप्त हो गई थी। हड़ताल की अवधि में निगम प्रशासन निजी वाहनों से कूड़ा उठाने में जुटा हुआ था लेकिन शहर के हिसाब से यह पर्याप्त नहीं था। इधर शुक्रवार को निगम प्रशासन ने 60 वार्डांे में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए वाहन भेजे। बताया गया कि निगम के छोटे-बड़े 75 वाहन कूड़ा उठाकर ट्रंचिंग ग्राउंड ले जाने में लगे रहे। इनमें जेसीबी, कांपेक्टर, छोटा हाथी, ट्रक आदि वाहन शामिल हैं। इस बीच वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि छह दिन चली हड़ताल के कारण गुरुवार को कूड़ा अधिक उठाया गया। उन्होंने शाम तक 150 मीट्रिक टन कूड़ा उठाने का दावा भी किया, वैसे औसतन एक दिन में 125 मीट्रिक टन कूड़ा उठाया जाता रहा है।
पार्षद आठ घंटे काम करने के बाद ही करें कार्य का सत्यापन
नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने सफाई नायकों से अपील की है कि वे प्रत्येक कर्मचारी से वार्ड में आठ घंटे समुचित सफाई कार्य लें, इसके बाद ही कार्य का सत्यापन करें। नगर आयुक्त ने वार्ड-34 से 60 के पार्षदों से भी आठ घंटे का सफाई कार्य के पूरे होने पर ही कार्य सत्यापन करने का आग्रह किया है।