हल्द्वानी। नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। करीब 500 से अधिक कर्मचारियों के कामबंद हड़ताल पर जाने से शहर के वार्डांे से कूड़ा उठना बंद हो गया है। वहीं निगम प्रशासन ने दो जेसीबी से दर्जन भर डंपर कूड़ा उठाया। इससे कुछ राहत मिली।
उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ से जुड़े सफाई कर्मी ठेका प्रथा खत्म करने, सफाई कर्मियों को 500 रुपये रोज के हिसाब से मानदेय दिये जाने जैसी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर बीते सोमवार से हड़ताल पर हैं। इससे शहर के वार्डांे में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन समेत तमाम क्षेत्रों से कूड़ा उठना बंद हो गया। मंगलवार सुबह तमाम क्षेत्रों में कूड़े के ढेर नजर आए। इधर बड़ी संख्या में हड़ताली सफाई कर्मी दिन भर नगर निगम के प्रांगण में डेरा डाले रहे। इस बीच उन्होंने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की। इस दौरान संघ के शाखा अध्यक्ष अशोक राज, महामंत्री सुनील चौधरी, श्यामसुंदर, जगदीश, अमरदीप, सुरेश लाला, अमर कुमार, जिलाध्यक्ष विनय पाल, रामू भारती, अमन कुमार, विपिन, रंजीत, विशाल, सचिन, गौरव, जगपाल, राजेंद्र, रविंद्र, अजय कुमार, अतुल, सुभाष, माया नैथानी, मीरा चंडालिया, नेहा, रीना, सोनी, चंचल, सुनीता, प्रीति, बबीता चौधरी, विनीता, राजकुमारी आदि मौजूद थे। इधर नगर निगम के सफाई निरीक्षक अमोल असवाल ने बताया कि काठगोदाम से लेकर बरेली व रामपुर रोड समेत तमाम क्षेत्रों में लगे कूड़े के ढेर हटा दिये गए हैं। दो जेसीबी के जरिए दर्जन भर से अधिक डंपरों से कूड़ा उठाकर ट्रंचिंग ग्राउंड पहुंचाया गया।
नगर निगम प्रशासन ने वार्ता को बुलाया
हल्द्वानी। नगर निगम प्रशासन ने हड़ताली सफाई कर्मियों को मंगलवार दोपहर बाद समझौता वार्ता के लिए बुलाया है। उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ के महामंत्री सुनील चौधरी ने बताया कि नगर आयुक्त की ओर से वार्ता संबंधी पत्र मिला है। उन्होंने स्पष्टï किया कि जब तक उनकी मांगों पर गौर नहीं किया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगी।