नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार सुबह नैनीताल पहुंचे। इस दौरान राज्य अतिथि गृह में पार्टी पदाधिकारियों से वार्ता की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दोपहर करीब 12 बजे केंद्रीय मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आहूत बैठक में वर्चुअल प्रतिभाग किया। इसके बाद जनपदस्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की।
भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ किए गए संवाद में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सभी अधिकारियों को सुबह 10 से शाम पांच की नौकरी के अलावा अपनी जिम्मेदारी समझ कर काम करना होगा। काम को महज औपचारिकता मानने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी अधिकारियों को 10 साल का रोडमैप तैयार करने को कहा गया है। पहले वह शुरुआती तौर पर तीन साल का रोड मैप बनाएंगे, जिसमें तैयार की गई योजनाओं को पूरा करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को सेब उत्पादन क्षेत्र में बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे वह देश में सर्वश्रेष्ठ राज्य से उत्पादन के क्षेत्र में बन सके। कहा कि राज्य में एप्पल मिशन के तहत सेब के दो लाख पौधे लगाए जा रहे हैं, जिसे बढ़ाकर प्रतिवर्ष पांच लाख किया जाएगा। कहा कि राज्य की रजत जयंती के अवसर पर राज्य सरकार का यह प्रयास रहेगा कि वह देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल हो सके, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं और सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने-अपने विभाग के लिए एक ऐसी योजना तैयार करें जो रजत जयंती के अवसर तक पूरी की जा सके। इस दौरान विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, भाजपा मंडल वरिष्ठ भूपेंद्र बिष्ट, जिला महामंत्री प्रदीप जनौटी, देवेंद्र बगड़वाल देवेंद्र सोशल मीडिया प्रभारी आदि मौजूद रहे।