देहरादून। भाजपा प्रदेश संगठन में जल्द अन्य बदलाव होने जा रहा है। पार्टी हाईकमान की तरफ से प्रदेश नेतृत्व को इस तरह के संकेत मिले हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी का इंतजार है। उधर, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। भाजपा हाईकमान ने एक हफ्ते पहले प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को हटाते हुए बदरीनाथ के पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को ताजपोशी सौंपी थी।
भट्ट को कमान मिलने के बाद ही संगठन में बदलाव की चर्चाएं शुरू हो गई थी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि हाईकमान प्रदेश संगठन के अन्य पदों में भी फेरबदल के पक्ष में है। वर्ष 2024 में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव तैयारियों के मद्देनजर पार्टी जल्द बदलाव कर सकती है। दरअसल, अभी भाजपा नेताओं को सरकार में दायित्वों का आवंटन नहीं हुआ है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक दायित्व बंटवारे का इंतजार कर रहे हैं।
माना जा रहा है कि संगठन के कई वरिष्ठ नेताओं को सरकार में जिम्मेदारी देकर उनके बदले नए चेहरों को संगठन में जगह दी जा सकती है। माना जा रहा है कि संगठन में जिन्हें जगह दी जाएगी, उनमें ज्यादात्तर युवा चेहरे हो सकते हैं। इसके बाद कुछ जिलों में भी पदाधिकारी बदले जा सकते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा से मुलाकात की और प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने पर आभार जताया। उन्होंने हाईकमान को भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ताओं में उत्साह को और बढ़ाया जाएगा। सूत्रों का कहना कि नड्डा ने प्रदेश अध्यक्ष भट्ट को वयोवृद्ध कार्यकर्ताओं से मिलने उनके घरों में जाने और उनसे भी समन्वय बनाने के निर्देश दिए।