रुद्रपुर। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना केलाखेड़ा की चौकी बेरिया दौलत पुलिस ने क्षेत्र में शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। पुलिस शराब माफियाओं के ठिकानों पर पहुंच भटि्टयां तहस-नहस और हजारों लीटर लहन भी नष्ट की। पुलिस शराब माफियाओं को चिन्हित करने की कार्रवाई कर रही। पुलिस के मुताबिक एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में क्षेत्र में अवैध शराब बनाने माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही। इसी के तहत चौकी प्रभारी बेरिया दौलत अर्जुन गिरी के नेतृत्व में पुलिस ने अवैध कच्ची शराब की रोकथाम को अभियान चलाया। पुलिस की कार्रवाई से माफियाओं में भगदड़ मच गई। पुलिस ने यह कार्रवाई महोली जंगल में की। केलाखेड़ा थानाध्यक्ष भुवन चंद्र जोशी के मुताबिक पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब माफिया भाग गए। पुलिस ने मौके पर अवैध शराब की भट्टी को तहस नहस किया और लगभग 5000 लीटर लहन नष्ट की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब की रोकथाम को अभियान जारी रहेगा। एसओ ने बताया कि फरार माफियाओं को चिन्हित की कार्रवाई की जा रही है। टीम में प्रभारी चौकी बेरिया दौलत के अलावा नागेंद्र राठी आदि पुलिस कर्मी शामिल रहे।