गन्ना कृषक संवाद में पहुंचे कैबिनेट मंत्री
रुद्रपुर। मंगलवार को विकास भवन में आयोजित गन्ना कृषक संवाद कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि गन्ना पेराई के दौरान ब्रेक डाउन की समस्या की शिकायतें मिली हैं। इस बार यदि पेराई सत्र के दौरान ब्रेक डाउन किसी भी मिल में हुआ तो इसके लिए जीएम और चीफ इंजीनियर जिम्मेदार होंगे। उनके वेतन रोकने एवं वेतन कटौती की भी कार्रवाई की जाएगी। पिथौरागढ़ में गन्ना पेराई के लिए मशीन जल्द लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में जिले भर के गन्ना कृषक, चीनी मिल के कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने अपनी अपनी समस्याओं से अवगत कराया। किसानों ने मंत्री सौरभ बहुगुणा से भुगतान में तेजी, पुरानी मशीन मिल की बदलने, पर्ची पर भार बढ़ाने, मशीनरी मरम्मत की जांच कराने आदि से अवगत कराया। इसके साथ ही प्रति क्विंटल तीन किलो की कटौती बंद करने, पुराने कांटे हटाकर नए कांटे लगाने की भी मांग उठाई। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने कहा कि योजना एसी में बैठकर नहीं बनती। लोगों के बीच जाकर बनती है। उन्होंने कहा कि इसी लिए गन्ना कृषक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसकी शुरुआत यहां से हुई। इसके बाद हरिद्वार में होगा। पिथौरागढ़ में गन्ना पेराई की मशीन जल्द दी जाएंगी। गन्ना किसानों की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। भुगतान को लेकर कहा की पहली बार हुआ है की बंद मिल शुरू किया। 140 करोड़ का बकाया भुगतान कराया है। किसानों की उन्नति के लिए सरकार कार्यरत है। ब्रेक डाउन की समस्या की वजह अधिकारी हैं। पहली बार सरकार ने चीफ इंजीनियर को पत्र भेजा है। ब्रेक डाउन होने पर जीएम और चीफ इंजीनियर का वेतन रोका जाएगा। जो भी ट्रायल होने है अक्तूबर में कर लें। मिल को सरकार और किसान को मिलकर चलाना है। 17.5 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हुई वह भी ब्रेकडाउन के बाद। इस बार 25 लाख क्विंटल पेराई सितारगंज मिल करेगी।उत्तराखंड में यूपी से ज्यादा रेट है। अधिकारी कोई ढिलाई न करें। सीधे सस्पेंड करूंगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, अनिल चौहान, सीडीओ विशाल मिश्रा, जगदीश सिंह सहित अन्य मौजूद थे।