जम्मू। जम्मू संभाग के पुंछ जिले में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिले की मंडी तहसील में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के पास सावजियां में मिनी बस हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 11 लोग मारे गए हैं, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही सेना और पुलिस के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू कर दिया है। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार, गली मैदान से पुंछ के लिए जा रही एक मिनी बस सीमावर्ती क्षेत्र सावजियां के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है और 25 लोग घायल हैं। मिनी बस में 36 लोग सवार थे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर सेना, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा संयुक्त बचाव अभियान जारी है।