अलीगढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अलीगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। वह लखनऊ से राजकीय हैलीकॉप्टर से सीधे नुमाइश मैदान स्थित आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे। यहां से कार्यक्रम में शामिल होने के बाद फिरोजाबाद के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:40 बजे लखनऊ से रवाना होंगे और दोपहर 1.05 बजे नुमाइश मैदान हेलीपैड स्थत पर उतरेंगे। 1.15 बजे मंच पर पहुंचने के बाद प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
सीएम योगी दोपहर 2.45 बजे तक मंच पर रहेंगे और इसके बाद 2.55 बजे यहां से फिरोजाबाद के लिए रवाना होंगे। यह जानकारी देते हुए एडीएम सिटी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि उनके आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री देंगे सफाई की मशीनों की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को शहर की सफाई व्यवस्था के लिए 10.75 करोड़ रुपये की मशीनों को हरी झंडी दिखाएंगे। नगर आयुक्त अमित आसेरी ने अपर नगर आयुक्त राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में नुमाइश मैदान पहुंच कर इन मशीनों के लोकार्पण को लेकर अधीनस्थों के दायित्व निर्धारित किए।